पांवटा साहिब में बढ़ा बिजली संकट, उमस भरी गर्मी में बार-बार कटौती से लोग परेशान
पांवटा साहिब (सिरमौर)। दून क्षेत्र में बढ़ती गर्मी और उमस के बीच पांवटा साहिब में लगातार हो रही बिजली कटौती आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। शनिवार को शहर के विभिन्न इलाकों में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दिनभर पड़ रही तेज गर्मी और उमस के कारण लोग पहले ही परेशान थे, लेकिन बार-बार बिजली गुल होने से घरों, दुकानों और कार्यालयों में कामकाज भी प्रभावित रहा। कई क्षेत्रों में लोगों को लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करना पड़ा।
मुख्य बाजार, गीता भवन क्षेत्र, वाई प्वाइंट, तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, शिक्षा कार्यालय, इंदिरा मार्केट, सिविल अस्पताल, अनाज मंडी, बस स्टैंड, देवीनगर, विश्वकर्मा चौक, कृपाल शिला, एकता कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित रही।
इसके अलावा सूर्या कॉलोनी, शुभखेड़ा, चुंगी नंबर-6, मोगीनंद, हीरपुर, डिग्री कॉलेज क्षेत्र, हिमुडा कॉलोनी तथा आसपास के इलाकों में भी बिजली कट से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर लोग गर्मी से राहत पाने के लिए बिजली आने का इंतजार करते रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, बाजार क्षेत्रों में भी बिजली बाधित रहने से व्यापारिक गतिविधियों पर असर देखा गया।
उधर, विद्युत विभाग के अनुसार बढ़ते बिजली लोड के कारण आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ा है, जिसके चलते कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई। विभाग का कहना है कि स्थिति को सामान्य बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
