मिशन शक्ति अभियान: स्कूल में छात्राओं को सिखाए गए सुरक्षा के अहम मंत्र, गुड टच-बैड टच की दी जानकारी
नाहन, 27 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिशन शक्ति अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेचड़ का बाग, नाहन में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश पुंडीर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और समाज में बेटियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
शिविर में मिशन शक्ति टीम की जिला समन्वयक कृतिका ठाकुर तथा जेंडर स्पेशलिस्ट सोनम परमार ने छात्र-छात्राओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मासिक धर्म स्वच्छता, घरेलू हिंसा, दहेज निषेध, वन स्टॉप सेंटर, आंगनबाड़ी सह-क्रेच, कामकाजी महिला हॉस्टल, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम और बाल विवाह निषेध अधिनियम सहित विभिन्न योजनाओं एवं कानूनों की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया, ताकि बच्चे किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की पहचान कर सकें और समय रहते अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।
साथ ही बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे जागरूकता शिविरों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं और बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति संवेदनशील बनाना है। विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
