आयुष विभाग में पंचकर्मा टेक्निशियन कोर्स की 256 सीटों पर दाखिला शुरू
4 जुलाई आवेदन की अंतिम तिथि और 30 हजार रहेगी सालाना फीस
शिमला। हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पंचकर्मा टेक्नीशियन कोर्स में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। प्रदेश के विभिन्न आयुर्वेदिक अस्पतालों में कुल 256 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 4 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
युवाओं के लिए सुनहरा मौका
एक वर्ष अवधि वाले इस कोर्स के लिए केवल हिमाचल प्रदेश के बोनाफाइड अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। आयु सीमा 17 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। कोर्स पूरा करने के बाद आयुर्वेद एवं पंचकर्मा क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी मिल सकते हैं।
प्रदेश के 14 संस्थानों में मिलेंगी सीटें
आयुष विभाग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार जिला आयुर्वेदिक अस्पतालों और आयुर्वेदिक संस्थानों में कुल 256 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 128-128 सीटें निर्धारित की गई हैं।
इन संस्थानों में प्रवेश दिए जाएंगे—
जिला आयुर्वेदिक अस्पताल बिलासपुर, हमीरपुर, धर्मशाला (कांगड़ा), देहरा (कांगड़ा), कुल्लू, मंडी, रामपुर (शिमला), नाहन, सोलन, नगरोटा, ऊना, चंबा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अस्पताल छोटा शिमला, राजीव गांधी आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला।
इतनी होगी फीस
कोर्स की वार्षिक फीस 30 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिसे तीन किस्तों में जमा कराया जा सकेगा।
आवेदन शुल्क इस प्रकार रहेगा—
सामान्य वर्ग: 250 रुपये
अन्य वर्ग: 150 रुपये
आवेदन शुल्क डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जमा करना होगा।
यहां भेजना होगा आवेदन
आवेदन पत्र और जरूरी दस्तावेजों को निदेशालय आयुष, ब्लॉक नंबर-26, एसडीए कॉम्प्लेक्स, कसुम्पटी, शिमला-171009 के पते पर 4 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक पहुंचाना होगा।
ऐसे होगा चयन
आयुष विभाग द्वारा सीटों का आवंटन केंद्रीकृत काउंसलिंग प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। विभाग के अनुसार आवेदन पत्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा।
