चंडीगढ़ से रेणुका जी ला रहे थे चिट्टा, नाहन पुलिस ने रास्ते में ही दबोचा
लोहारड़ी के पास नाकाबंदी में फंसे दो युवक, कार से बरामद हुई हेरोइन की खेप
नाहन। चंडीगढ़ से चिट्टे की खेप लेकर रेणुका जी की ओर जा रहे दो युवकों को नाहन पुलिस ने रास्ते में ही दबोच लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्शन सेल नाहन की टीम को शुक्रवार को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि दो युवक लंबे समय से चिट्टा/हेरोइन की तस्करी में संलिप्त हैं तथा वे अल्टो कार (HP71-1726) में चंडीगढ़ से मादक पदार्थ लेकर रेणुका जी क्षेत्र की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वर्षा शालिका लोहारड़ी के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अल्टो कार को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान गौरव ठाकुर और देविंदर शर्मा निवासी ददाहु, जिला सिरमौर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 7.21 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया।
इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना नाहन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच में जुटी हुई है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी मादक पदार्थ की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
