सिर्फ पुलिस नहीं, जनता भी आए आगे: एएसपी योगेश रोल्टा का नशे के खिलाफ बड़ा संदेश
कालाअंब (सिरमौर)। अंतर्राष्ट्रीय एंटी चिट्टा दिवस के उपलक्ष्य में औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में चिट्टे की रोकथाम को लेकर नशा उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा ने की। इस दौरान तहसीलदार एवं कार्यकारी एसडीएम उपेंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पंचायत प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, नशा निवारण समिति के पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि उपमंडल नाहन की ग्राम पंचायत कालाअंब और देवनी को रेड पंचायत के रूप में चिन्हित किया गया है। लिहाजा इन क्षेत्रों में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की निहायत आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि चिट्टा व अन्य किसी भी प्रकार के नशे पर अंकुश लगाने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई ही काफ़ी नहीं है बल्कि पंचायत स्तर पर युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है, तभी समाज में बदलाव संभव है।
इस कार्यक्रम में पंचायत पदाधिकारियों, नशा निवारण समिति के सदस्यों और चिकित्सा अधिकारियों ने नशे के दुष्प्रभावों, इसकी रोकथाम में आने वाली कठिनाइयों और अन्य मानवीय पहलुओं पर भी मंथन किया। इस दौरान उन्होंने भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए नशे की रोकथाम के लिए शपथ भी ली।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के खंड धगेड़ा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत, कालाअंब के निजी मनोचिकित्सक डॉ. शाकिर, पंचायत प्रधान यशपाल शर्मा, उप प्रधान अशोक भाटिया, सहायक उप निरीक्षक करनेल सिंह और कालाअंब के थाना प्रभारी बलवंत सिंह भी उपस्थित रहे।
