Table of Contents
हिमाचल में नशा तस्करों पर STF का बड़ा प्रहार, स्कॉर्पियो से 101 ग्राम चिट्टा बरामद
बिलासपुर फोरलेन पर एक स्कॉर्पियो को रोकते ही पुलिस को कुछ ऐसा मिला जिसने सभी को चौंका दिया।
डैशबोर्ड में छिपाई गई एक जुराब के अंदर से 101 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद तीन युवक सलाखों के पीछे पहुंच गए।
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ मंडी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर के धराड़सानी फोरलेन पर एक स्कॉर्पियो वाहन से 101 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। मामले में पंजाब के मोगा जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ मंडी की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक स्कॉर्पियो को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार युवकों से पूछताछ के दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद वाहन की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के डैशबोर्ड के भीतर छिपाकर रखी गई एक सफेद रंग की जुराब बरामद हुई। जुराब के अंदर मिले संदिग्ध पदार्थ को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौला गया, जिसका वजन 101 ग्राम पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) निकला।
पुलिस ने मामले में जगशीर सिंह, हरप्रीत सिंह और जसविंद्र सिंह निवासी जिला मोगा, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना झंडूता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : Sirmaur News: कोलर में नशे पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 210 नशीले कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
