डिजिटल कारोबार की नई राह: कालाअंब में युवाओं और उद्यमियों को मिला ऑनलाइन बिजनेस का मंत्र
नाहन (सिरमौर)। बदलते दौर में कारोबार अब सिर्फ दुकानों और फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-कॉमर्स और ऑनलाइन मार्केटप्लेस के जरिए छोटे उद्यम भी बड़े बाजार तक पहुंच बना रहे हैं। इसी दिशा में ग्राम जोहरों स्थित सीएफसी हॉल में उद्यमिता विकास, ई-कॉमर्स, GeM पोर्टल, एमएसई-सीडीपी क्लस्टर विकास और ओएनडीसी (ONDC) विषयों पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें 51 उद्यमियों, युवाओं और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में सिंगल विंडो क्लीयरेंस अथॉरिटी (SWCA) कालाअंब के सदस्य सचिव गुरप्यारा राम डोगरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मनीष माजटा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में सहायक प्रोफेसर आदित्य शर्मा ने उद्यमिता विकास और ई-कॉमर्स के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए स्थानीय उद्यमी अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचा सकते हैं और ऑनलाइन विपणन के जरिए नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
दूसरे सत्र में तुषार शर्मा ने सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को पंजीकरण, उत्पाद सूचीकरण और सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदारी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि GeM प्लेटफॉर्म छोटे उद्यमियों के लिए सरकारी संस्थानों तक पहुंच बनाने का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है।
कार्यशाला के दौरान एमएसई-सीडीपी के तहत क्लस्टर विकास की संभावनाओं तथा ओएनडीसी के माध्यम से छोटे और मध्यम उद्यमों को मिलने वाले लाभों पर भी चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल नेटवर्क और सामूहिक विकास मॉडल से स्थानीय उद्योगों को नई पहचान मिल सकती है।
मुख्य अतिथि गुरप्यारा राम डोगरा ने कहा कि ई-कॉमर्स, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सरकारी योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर स्थानीय उद्यमी अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने युवाओं और उद्योग प्रतिनिधियों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की मांग की।
Also Read : किसानों के लिए जरूरी खबर: तुरंत करवा लें Farmer रजिस्ट्रेशन वरना रुक सकता है PM-KISAN का पैसा
