किसानों के लिए बड़ी खबर! अगर नहीं कराया यह काम तो अटक सकता है सरकारी योजनाओं का लाभ
नाहन (सिरमौर)। यदि आपने अभी तक किसान पंजीकरण (Farmer Registry) नहीं करवाया है तो आने वाले समय में कई सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है। कृषि विभाग सिरमौर ने जिले के सभी किसानों से जल्द से जल्द पंजीकरण करवाने की अपील की है।
उप निदेशक कृषि साहिब सिंह ने बताया कि भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत प्रदेश में किसान पंजीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पंजीकरण के माध्यम से किसानों की मूल जानकारी सरकार के पास उपलब्ध होगी, जिससे पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित कई कृषि योजनाओं का लाभ अब केवल पंजीकृत किसानों को ही मिलेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना का लाभ लेने के लिए भी किसान रजिस्ट्री में पंजीकरण आवश्यक होगा।
कृषि विभाग के अनुसार डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) के सफल क्रियान्वयन के लिए भी किसान पंजीकरण बेहद जरूरी है, ताकि किसानों और उनकी फसलों का सही रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
विभाग ने बताया कि किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र (CSC) में जाकर निःशुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा भूमि अभिलेख (खसरा नंबर) साथ लेकर जाना अनिवार्य है। जो किसान मोबाइल या कंप्यूटर का उपयोग करना जानते हैं, वे स्वयं भी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना किसान पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी कृषि योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के अधिकारियों, एसएमएस, एडीओ, एईओ तथा आत्मा परियोजना के बीटीएम एवं एटीएम से संपर्क कर सकते हैं।
