तेज रफ्तार और गलत दिशा में आई बाइक ट्रक से टकराई, तीन युवक घायल; पांवटा साहिब में मामला दर्ज
पांवटा साहिब: देर रात पांवटा साहिब के भूपपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार और गलत दिशा में आ रही एक मोटरसाइकिल ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे और बाइक गलत दिशा में चल रही थी। ट्रक से जोरदार टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में 24 जून 2026 को सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता स्पर्श गुप्ता निवासी केदारपुर, वार्ड नंबर-1, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 23 जून की रात करीब 11:15 बजे वह अपनी स्कूटी पर पांवटा मुख्य बाजार से अपने घर केदारपुर की ओर जा रहा था।
जब वह बाबा साहिब जादा चौक, भूपपुर के पास पहुंचा तो उसकी स्कूटी के आगे एक ट्रक चल रहा था। इसी दौरान बातापुल की तरफ से एक मोटरसाइकिल आई, जिस पर तीन व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि मोटरसाइकिल चालक तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए ट्रक के कंडक्टर साइड से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और घायल हो गए। घायलों की पहचान नरेंद्र कुमार पुत्र सिरमौर सिंह, अमरजीत सिंह पुत्र संगत सिंह तथा विपिन शर्मा पुत्र राम किशन निवासी नव विहार कॉलोनी, पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
