कोलर में 210 नशीले कैप्सूल सहित युवक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोलर क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक युवक को 210 नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है।
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के माजरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) नाहन ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 210 नशीले कैप्सूलों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 जून 2026 को SIU नाहन की टीम गश्त के दौरान कोलर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल नंबर HR71D-6835 पर रणजीतपुर से कोलर की ओर आ रहा है और उसके पास भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल हैं।
सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी काफी समय से कोलर और आसपास के क्षेत्रों में नशीले कैप्सूलों की बिक्री का धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी इंतजार पुत्र खलील मोहम्मद निवासी गांव देववाला, डाकघर हरिपुर खोल, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के कब्जे से कुल 210 नशीले कैप्सूल बरामद किए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना माजरा में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है तथा पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ कहां से लाता था और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था।
