कालाअंब में प्लास्टिक पर चला प्रशासन का डंडा, जांच की खबर मिलते ही कई दुकानों के गिरे शटर
औचक निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर तीन दुकानदारों पर कार्रवाई की गई और 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और मोगीनंद में सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। विभाग की टीम ने क्षेत्र की कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया, जिसके दौरान तीन दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। कार्रवाई की सूचना फैलते ही कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की निरीक्षक पिंकी देवी के नेतृत्व में टीम ने करीब 15 से 20 दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान एक दुकान से प्रतिबंधित प्लास्टिक कप बरामद किए गए, जबकि दो अन्य दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक के लिफाफे पाए गए।
विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश जीव अनाशित कूड़ा-कचरा नियंत्रण अधिनियम, 1995 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किए और कुल 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
निरीक्षक पिंकी देवी ने दुकानदारों से प्रतिबंधित प्लास्टिक और उससे बने उत्पादों का उपयोग न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी जागरूकता बढ़ी है और कई दुकानदारों ने प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग बंद करने की बात कही है।
