रात के सन्नाटे में घर में घुसा शख्स, बिस्तर में लगाई आग! CCTV में कैद हुई संदिग्ध की हरकत
कालाअंब में आधी रात की इस घटना ने ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया। जिस घर में मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति अकेला रह रहा था, वहां एक अज्ञात व्यक्ति के घुसने और आग लगाने का मामला सामने आया है।
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत गांव भूड्डियो में एक सनसनीखेज आगजनी का मामला सामने आया है। देर रात एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर घर में घुसा और कमरे में रखे बिस्तर व कपड़ों में आग लगाकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस को दी शिकायत में रणवीर सिंह निवासी गांव भूड्डियो ने बताया कि उसका छोटा भाई जसवीर लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और गांव में स्थित एक अलग मकान में अकेला रहता है। उसकी पत्नी और बच्चे कई वर्ष पहले उसे छोड़कर जा चुके हैं, जिसके बाद से वह अकेले ही रह रहा है।
घटना की रात करीब साढ़े 12 बजे मकान की ऊपरी मंजिल से आग और धुआं उठता देख परिवार के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
आग बुझने के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो एक संदिग्ध व्यक्ति सीढ़ियों के रास्ते मकान में प्रवेश करता दिखाई दिया। आरोप है कि उसी व्यक्ति ने कमरे में रखे सामान में आग लगाई और इसके बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस थाना कालाअंब में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है। ग्रामीणों में घटना के बाद दहशत का माहौल है और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।
