28 जून को सिरमौर में चलेगा महाअभियान, 61 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में 28 जून को एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 61,181 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 538 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे और घर-घर जाकर भी बच्चों तक पहुंच बनाई जाएगी।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला स्तरीय कार्यबल की बैठक आयोजित की गई।
उपायुक्त ने बताया कि 28 जून 2026 को जिलेभर में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए 538 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां 2152 बूथ सदस्य अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा, दूरस्थ क्षेत्रों और विशेष परिस्थितियों के लिए चार मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी।
उन्होंने कहा कि जो बच्चे 28 जून को पोलियो की खुराक लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी, ताकि शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि पल्स पोलियो अभियान को जन आंदोलन के रूप में लिया जाए और 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाई जाए। उन्होंने कहा कि “एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए, तभी शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।”
बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में पल्स पोलियो अभियान की जानकारी दी जाए, ताकि बच्चों के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों तक संदेश पहुंच सके। वहीं उद्योग विभाग को औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत मजदूरों और प्रवासी श्रमिकों के बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
पंचायतों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश जारी किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को प्रवासी आबादी, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं, एचआरटीसी को भी निर्देशित किया गया कि यदि 28 जून को किसी बस में 0 से 5 वर्ष आयु का बच्चा यात्रा कर रहा हो, तो सड़क किनारे स्थापित पोलियो बूथ पर बस रोककर उसे पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए।
बैठक में डॉ. विनोद सांगल, डॉ. मनीषा अग्रवाल, आयुष अधिकारी डॉ. ममता जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी राम दयाल, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन, जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
