सुजानपुर में 16 वर्षीय छात्र की मौत से मचा हड़कंप, सुसाइड नोट के बाद स्कूल के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा
“एक होनहार छात्र की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के बाद स्कूल के बाहर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।”
“16 वर्षीय छात्र की मौत अब केवल आत्महत्या का मामला नहीं रह गई है, बल्कि इसके पीछे के कारणों को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।”
हमीरपुर। सुजानपुर क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। छात्र का शव मंगलवार सुबह उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद सामने आए कथित सुसाइड नोट ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, लंबागांव क्षेत्र के भलूंदर गांव का रहने वाला अनी डीएवी स्कूल आलमपुर में जमा एक का छात्र था। वह अपने माता-पिता के साथ सुजानपुर के पटलांदर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं, जबकि माता सिलाई का काम करती हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात छात्र अपने माता-पिता के साथ पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार सुबह जब परिजन उठे तो उन्होंने बेटे को कमरे में फंदे से लटका पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में कराया जा रहा है।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब छात्र द्वारा कथित रूप से लिखा गया एक सुसाइड नोट सामने आया। परिजनों का आरोप है कि नोट में स्कूल के कुछ शिक्षकों द्वारा मारपीट किए जाने का जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
घटना से आक्रोशित परिजन, ग्रामीण और विद्यार्थियों के अभिभावक मंगलवार को डीएवी स्कूल आलमपुर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही स्कूल प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई गई।
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के लिए स्कूल प्रिंसिपल को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सुजानपुर थाना भी पहुंचे और मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच की मांग की।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
