Home योजनाएं Sirmaur News: 20 करोड़ से बना धनुषाकार ब्रिज तैयार, 24 जून को गडकरी करेंगे लोकार्पण

Sirmaur News: 20 करोड़ से बना धनुषाकार ब्रिज तैयार, 24 जून को गडकरी करेंगे लोकार्पण

by Dainik Janvarta
0 comment

मारकंडा नदी पर बना आधुनिक बो-स्ट्रिंग ब्रिज 24 जून को होगा राष्ट्र को समर्पित, NH-07 पर सफर होगा आसान

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर तैयार हुआ आधुनिक बो-स्ट्रिंग ब्रिज अब आम जनता के लिए खोलने की तैयारी में है। मारकंडा नदी पर खजुरना के समीप बने इस अत्याधुनिक पुल का लोकार्पण 24 जून को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी वर्चुअल माध्यम से करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे पुल का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

करीब 180 मीटर लंबे इस आकर्षक पुल के निर्माण पर लगभग 18 से 20 करोड़ रुपये की लागत आई है। धनुषाकार डिजाइन में तैयार किया गया यह बो-स्ट्रिंग ब्रिज न केवल इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि क्षेत्र की नई पहचान भी बन सकता है।

पिछले एक वर्ष से निर्माणाधीन इस पुल का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की निगरानी में तेजी से पूरा किया गया। आधुनिक तकनीक से निर्मित यह पुल पुराने और जर्जर हो चुके आर्ट ब्रिज का स्थान लेगा, जिससे यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगी।

इस नए पुल के चालू होने से वाहन चालकों को हाईवे पर लगभग 400 मीटर लंबे घुमावदार मार्ग से राहत मिलेगी। साथ ही यात्रा समय कम होने के अलावा सड़क सुरक्षा में भी सुधार आने की उम्मीद है।

नेशनल हाईवे नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता ईं. राकेश खंडूजा ने बताया कि 24 जून को पुल का लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

गौरतलब है कि देहरादून से पांवटा साहिब तक उत्तराखंड क्षेत्र में फोरलेन निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। वहीं कालाअंब से हरियाणा सीमा तक भी फोरलेन परियोजना पूरी हो चुकी है। हालांकि पांवटा साहिब से कालाअंब के बीच हिमाचल क्षेत्र में फोरलेन का कार्य अभी प्रस्तावित है।

ऐसे में यह नया बो-स्ट्रिंग पुल भविष्य की फोरलेन परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले वर्षों में यह पुल क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक गतिविधियों और यातायात व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि उद्घाटन समारोह में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने की अपील की है।

(रिपोर्ट: दैनिक जनवार्ता, नाहन)

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.