कालाअंब में बदबूदार पानी से लोगों का जीना मुहाल, उद्योगों पर प्रदूषित जल छोड़ने के आरोप
कालाअंब (सिरमौर)। सड़क पर बहता बदबूदार पानी और दुकानों तक पहुंच रही दुर्गंध से कालाअंब के लोग परेशान हैं। बारिश के दौरान हालात ऐसे बन रहे हैं कि लोगों का सड़क पर चलना और दुकानों में बैठना तक मुश्किल हो गया है।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में कुछ उद्योगों पर प्रदूषित जल खुले में छोड़ने के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उद्योगों से निकलने वाला गंदा और बदबूदार पानी त्रिलोकपुर सड़क के किनारे बनी ड्रेन में छोड़ा जा रहा है, जिससे क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
सोमवार को खेड़ा मंदिर के समीप ड्रेन में प्रदूषित जल बहने की सूचना स्थानीय लोगों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कालाअंब कार्यालय को दी। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बदबू के कारण दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि बरसात के दौरान यही पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी उद्योगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
