Himachal News: 10 साल से इंतजार कर रहे पेंशनरों को बड़ी राहत, जुलाई में मिलेगा पूरा बकाया एरियर
शिमला। एक दशक से अपने बकाया एरियर का इंतजार कर रहे हजारों पेंशनरों के लिए आखिरकार राहत की खबर आई है। जुलाई महीने में उनके खातों में लंबित राशि पहुंचने जा रही है। राज्य सरकार के ताजा आदेश से उन सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों की प्रतीक्षा खत्म होने वाली है, जो लंबे समय से पेंशन संशोधन के एरियर का इंतजार कर रहे थे।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने वर्ष 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए पेंशन संशोधन से जुड़े शेष एरियर का भुगतान जुलाई 2026 में करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में वित्त (पेंशन) विभाग की ओर से सोमवार को कार्यालय ज्ञापन जारी किया गया।
प्रधान सचिव (वित्त) की ओर से जारी आदेश सभी प्रशासनिक विभागों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के हजारों प्री-2016 पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को लाभ मिलने की संभावना है।
आदेशों के अनुसार 1 जनवरी 2016 से प्रभावी पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन संशोधन के तहत पहले विभिन्न चरणों में एरियर की राशि जारी की जा चुकी है। अब शेष बची हुई पूरी राशि जुलाई माह में जारी की जाएगी, जिससे सभी लंबित एरियर का भुगतान 100 प्रतिशत पूरा हो जाएगा।
वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में दी गई अंतरिम राहत की चारों किस्तों तथा महंगाई राहत (डीआर) की 12 किस्तों की राशि को सकल एरियर में समायोजित किया जाएगा। इसके बाद जो शुद्ध राशि बचेगी, वही संबंधित पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को दी जाएगी।
आदेशों में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी पेंशनर या पारिवारिक पेंशनर को पूर्व में अतिरिक्त भुगतान हुआ है और उसकी वसूली बनती है, तो उस राशि को भी एरियर से समायोजित किया जाएगा। समायोजन के बाद बची हुई राशि का भुगतान किया जाएगा।
सरकार ने सभी पेंशन वितरण प्राधिकरणों (पीडीए) और बैंकों को निर्देश दिए हैं कि जुलाई 2026 के दौरान पात्र पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को एरियर की राशि का भुगतान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। इस फैसले से लंबे समय से लंबित भुगतान का इंतजार कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
