खैरी में बन्द उद्योग के पीछे जंगल में मिला हरियाणा के युवक का शव, क्षेत्र में दहशत का माहौल
कालाअंब (सिरमौर)। जंगल के बीच पड़े एक क्षत-विक्षत शव ने शनिवार शाम पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बंद पड़े उद्योग के पीछे जंगल में मिले युवक के शव की हालत ऐसी थी कि पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के खैरी क्षेत्र के जंगल से एक 30 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान लखविंद्र सिंह (30) पुत्र रमेश चंद निवासी उज्जल माजरी, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम पुलिस थाना कालाअंब को गुप्त सूचना मिली कि खैरी क्षेत्र में एक बंद उद्योग के पीछे स्थित जंगल में किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि शव कई दिन पुराना था और काफी हद तक क्षत-विक्षत हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और मृतक के परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
परिजनों ने मृतक के कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान लखविंद्र सिंह के रूप में की। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि लखविंद्र सिंह नशे का आदी था और अक्सर कई-कई दिनों तक घर से गायब रहता था।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
