बांगरन चौक में सप्लाई से पहले दबोचा गया नशा तस्कर, 7.62 ग्राम स्मैक-हेरोइन बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अगर पुलिस की टीम कुछ मिनट देर से पहुंचती तो यह खतरनाक नशा कई युवाओं तक पहुंच सकता था। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब पुलिस ने बांगरन चौक के पास एक युवक को स्मैक और हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बांगरन चौक के आसपास नशा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही स्पेशल डिटेक्शन सेल पांवटा साहिब की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7.62 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अरुण पुत्र बंसी राम निवासी गांव च्यूमू, डाकघर मिलाह, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह स्मैक और हेरोइन कहां से लेकर आया था तथा इसे किन लोगों तक पहुंचाने की योजना बना रहा था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
