हरियाणा की शराब का कालाअंब कनेक्शन! किराये के कमरे में पुलिस की दबिश, अंदर का नजारा देखकर रह गए हैरान
गुप्त सूचना के बाद जब पुलिस ने मोगीनंद स्थित कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर से ऐसा सामान मिला, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए।
किराये के कमरे से बरामद हुई हरियाणा मार्का शराब के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
कालाअंब, 21 जून। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद में पुलिस ने एक किराये के कमरे में दबिश देकर हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की खेप बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 20 जून को पुलिस थाना कालाअंब की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मोगीनंद में कोनार्क कंपनी के समीप स्थित एक किराये के कमरे से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
पुलिस को कमरे में एक व्यक्ति मौजूद मिला, जिसने पूछताछ के दौरान अपनी पहचान दीपक शर्मा पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव चाकली मुन्दड़, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरे से दो गत्ता पेटियों में रखी कुल 24 बोतल देसी शराब बरामद की। बरामद शराब पर “For Sale in Haryana Only” अंकित पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना कालाअंब में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब केवल व्यक्तिगत बिक्री के लिए लाई गई थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
