Table of Contents
पच्छाद में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी आल्टो, एक बुजुर्ग की मौके पर मौत
घर लौट रहे थे परिवार के लोग, लेकिन रास्ते में हुआ ऐसा हादसा कि गांव में पसरा मातम
कार में सवार चार लोग थे, एक की मौके पर मौत जबकि तीन गंभीर रूप से घायल
सराहां (सिरमौर)। सिरमौर जिला के पच्छाद उपमंडल में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। नारग-गिरीपुल सड़क मार्ग पर पाजे की ढाल गांव के समीप एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार 74 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आल्टो कार (एचपी-10) नारग-गिरीपुल मार्ग पर पाजे की ढाल गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 74 वर्षीय स्वरूप दास निवासी पाजे की ढाल की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में रामदेई (70) पत्नी स्वरूप दास निवासी पाजे की ढाल, भारती (20) पुत्री संजय कुमार निवासी पाजे की ढाल तथा वाहन चालक अमरजीत (40) पुत्र रूपलाल निवासी देवल टिक्करी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सोलन अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पच्छाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सराहां अस्पताल लाया गया है।
डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार सोलन अस्पताल में चल रहा है तथा पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे के बाद पाजे की ढाल गांव में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।
