हिमाचल: पांच महीने में दूसरी बार चिट्टे के साथ पकड़ा गया बिजली बोर्ड कर्मचारी, विभाग में मचा हड़कंप
बिलासपुर। नशे के दलदल में फंसा एक सरकारी कर्मचारी एक बार फिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह है कि पांच महीने पहले भी यह कर्मचारी चिट्टे के मामले में गिरफ्तार हुआ था, लेकिन कार्रवाई अधर में लटकी रही। अब दूसरी बार गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बिजली बोर्ड के एक कर्मचारी को 1.2 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरेंद्र कुमार निवासी बागी बिनौला के रूप में हुई है, जो विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की गश्ती टीम ने धौलरा क्षेत्र के पास एक वाहन की जांच के दौरान आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 11 जनवरी को भी सुरेंद्र कुमार को पुलिस विभाग के एक जवान के साथ सुंगल क्षेत्र में 2.85 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस समय बिजली बोर्ड की ओर से कर्मचारी को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अब तक उस पर अंतिम मंजूरी नहीं मिल पाई थी।
दूसरी बार गिरफ्तारी के बाद विभाग ने भी सख्त रुख अपनाया है। विद्युत बोर्ड मंडल बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा ने बताया कि पहले भेजे गए प्रस्ताव को अभी तक मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन इस बार आरोपी कर्मचारी को बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच जारी है।
जिले में लगातार सामने आ रहे नशे के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। खासकर सरकारी कर्मचारियों के ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने से समाज में गलत संदेश जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
