23 जून को होगा जिला परिषद सिरमौर के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव, नाहन में होगी विशेष बैठक
नाहन (सिरमौर): जिला परिषद सिरमौर को जल्द ही नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। हाल ही में संपन्न पंचायती राज चुनावों के बाद अब सभी की नजरें 23 जून पर टिकी हैं, जब जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव को लेकर जिला के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में संपन्न पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के उपरांत निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों द्वारा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव 23 जून, 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम-86 के तहत जिला परिषद सिरमौर की विशेष बैठक 23 जून, 2026 को प्रातः 11:00 बजे जिला परिषद कार्यालय, नाहन में आयोजित की जाएगी।
इस विशेष बैठक में जिला परिषद सिरमौर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। बैठक में सभी निर्वाचित जिला परिषद सदस्य भाग लेंगे और मतदान के माध्यम से नए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चयन किया जाएगा।
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने सभी नव निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों से अपील की है कि वे इस विशेष प्रयोजन हेतु आयोजित बैठक में समय पर उपस्थित होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
जिला परिषद के शीर्ष पदों के चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और विभिन्न पक्ष अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हुए हैं। ऐसे में 23 जून को होने वाला यह चुनाव जिला परिषद सिरमौर के नए नेतृत्व की दिशा तय करेगा।
