पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक से बरामद हुई हेरोइन, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नशे के खिलाफ सिरमौर पुलिस की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में पांवटा साहिब में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.65 ग्राम चिट्टा बरामद होने के बाद उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को पांवटा साहिब पुलिस की टीम बद्रीपुर, विश्वकर्मा चौक, देवीनगर और यमुना ब्रिज क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि देवीनगर वार्ड नंबर-10 निवासी ईनाम पुत्र ईकराम के पास स्मैक/हेरोइन हो सकती है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और संदिग्ध युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
सिरमौर पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आया था और इसका नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
