बस स्टैंड पार्किंग में युवक से चरस बरामद, गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से 5.270 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को थाना नाहन की पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम एचआरटीसी बस स्टैंड नाहन की पार्किंग में मौजूद थी। तभी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.270 ग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी की पहचान काकू राम पुत्र तोता राम, निवासी गांव भाटगढ़, तहसील रेणुका जी, जिला सिरमौर के रूप में की है।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नाहन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
