Una News: पुलिस-तस्करों की मुठभेड़ में चली गोलियां, चिट्टे की बड़ी खेप के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को देखते ही कार सवार आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि मौके से 150 ग्राम चिट्टा और देसी पिस्तौल बरामद हुई है।
ऊना/नंगल। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी क्षेत्र नंगल में पुलिस और कथित नशा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम चिट्टा, एक देसी पिस्तौल और एक कार बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार जिला पुलिस को विशेष सूचना नेटवर्क के माध्यम से इनपुट मिला था कि कुछ लोग कार में सवार होकर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नया नंगल पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई यादविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध वाहन को पकड़ने के लिए नाका लगाया।
पुलिस के मुताबिक जब कार को रुकने का इशारा किया गया तो उसमें सवार एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर कर दिए और वाहन लेकर फरार होने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार का पीछा शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि नंगल-श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर गांव ब्रह्मपुर के पास पुलिस ने दोबारा वाहन को रोकने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों की ओर से फिर से गोलीबारी की गई। पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपियों को काबू करने के लिए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत (जिला मोहाली), रोहित (हिसार), शुभम (जींद), परीक्षित (सोनीपत) और लेह मस्तक प्रताप (चंडीगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी लवप्रीत का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 150 ग्राम चिट्टा, एक देसी पिस्तौल तथा वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
जिला पुलिस प्रमुख मनिंद्र सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और आरोपी कब से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
