Sirmaur News: सिरमौर में सट्टेबाजों पर पुलिस का शिकंजा, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी और सट्टा पर्चियां बरामद
एक रुपये के बदले 80 रुपये का लालच देकर लोगों को फंसाने वाले सट्टेबाजों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पांवटा साहिब क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी और दड़ा-सट्टा की पर्चियां बरामद की हैं।
सिरमौर जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए जुआ अधिनियम के तहत कुल तीन मामले दर्ज किए हैं।
पहले मामले में पुलिस थाना माजरा की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि मीन सिंह पुत्र दुर्गा राम निवासी गांव भारापुर, डाकघर धौलाकुआं, तहसील पांवटा साहिब, अपनी चाय की दुकान में दड़ा-सट्टा का अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दड़ा-सट्टा की पर्चियां और 880 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में जुआ अधिनियम की धारा 13A के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में 17 जून 2026 को पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रजत पुत्र रामु निवासी मानपुर देवड़ा को पकड़ा। आरोपी मानपुर देवड़ा लिंक रोड पर राहगीरों को एक रुपये के बदले 80 रुपये देने का लालच देकर सट्टा लगवा रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से दड़ा-सट्टा की पर्चियां और 2,330 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 13A जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
तीसरे मामले में पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने सुरेन्द्र कुमार पुत्र कैलाश चंद निवासी आदर्श कॉलोनी, राजबन को सीसीआई कंपनी बस स्टॉप के पास स्थित रैन शेल्टर के नजदीक सट्टेबाजी करते हुए पकड़ा। आरोपी लोगों को एक रुपये के बदले 80 रुपये देने का लालच देकर दड़ा-सट्टा चला रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां और 760 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ भी जुआ अधिनियम की धारा 13A के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
