Kangra News: माता बगलामुखी मंदिर से लौटते समय बड़ा हादसा, ट्रक से भिड़ी स्कूटी; युवक की हालत गंभीर
माता बगलामुखी के दर्शन कर लौट रहे युवक-युवती की यात्रा अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर ट्रक से हुई भीषण टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कांगड़ा। कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के अंतर्गत नैहरन पुखर के पास वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। पंजाब के कपूरथला निवासी एक युवक और युवती माता बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने के बाद स्कूटी पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बढहूं क्षेत्र के समीप उनकी स्कूटी सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में स्कूटी चला रहे युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पीछे बैठी युवती की टांग में फ्रैक्चर होने की सूचना है।
घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस व 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की टीम ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा रेफर कर दिया गया है। वहीं युवती का उपचार सिविल अस्पताल देहरा में जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
