रोहतांग घूमने निकले परिवार की खुशियां कुछ ही सेकंड में बदल गई मातम में
धारा वाटरफॉल के पास खड़ी कार अचानक पीछे की ओर लुढ़की और जा गिरी 200 फीट गहरी खाई में, जिससे मां और उसके 11 माह के मासूम बेटे की जान चली गई
लाहौल-स्पीति। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में रोहतांग मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। कोकसर के समीप धारा वाटरफॉल के पास पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला और उसके 11 माह के बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटकों का दल मनाली से अटल टनल के रास्ते रोहतांग दर्रा घूमने जा रहा था। रास्ते में धारा वाटरफॉल के पास प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए वाहन को सड़क किनारे रोका गया। बताया जा रहा है कि चालक सहित कुछ लोग कार से बाहर निकल गए थे, जबकि वाहन में दो महिलाएं और एक छोटा बच्चा मौजूद थे। इसी दौरान कार अचानक पीछे की ओर खिसकने लगी और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दुर्घटना में घायल महिलाओं और बच्चे को मनाली अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तनु कुमारी (26) पत्नी दीपक कुमार सिंह तथा उनके 11 माह के पुत्र दक्ष कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया। दोनों हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सियाराम एन्क्लेव के निवासी थे।
हादसे में घायल सविता देवी (52), निवासी वैशाली, बिहार का मनाली के सिविल अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में वाहन के फिसलकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, जबकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
