Sirmaur Crime News: दड़ा सट्टे पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, तीन दिनों में तीन आरोपी गिरफ्तार; नकदी और सट्टा पर्चियां बरामद
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में अवैध दड़ा सट्टा कारोबार पर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और सट्टा पर्चियां बरामद कर उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 जून 2026 को पुलिस थाना पुरुवाला की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि काला पुत्र स्वर्गीय सूरजा राम निवासी गांव कुंजा मतरालियों, पांवटा साहिब क्षेत्र में लोगों को दड़ा सट्टा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां और 1710 रुपये नकद बरामद किए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 13A जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी प्रकार 14 जून 2026 को पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने एक अन्य कार्रवाई में रामकुमार निवासी गांव नारीवाला, डाकघर निहालगढ़, तहसील पांवटा साहिब को दड़ा सट्टा लगवाते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सट्टा पर्ची और 980 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 13A के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, तीसरे मामले में 14 जून 2026 को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने विश्वकर्मा चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विकास कुमार पुत्र भीम सेन निवासी वार्ड नंबर-9, देवी नगर, अंबेडकर कॉलोनी, पांवटा साहिब को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां और 1600 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ भी धारा 13A जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच जारी रखी है। साथ ही आम लोगों से अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
