Himachal News: प्यारी बहना योजना में बड़ा बदलाव, अब 18-20 साल की युवतियों को नहीं मिलेंगे 1500 रुपये
अगर आपकी उम्र 18 से 20 साल के बीच है और आप 1500 रुपये मासिक सहायता की उम्मीद कर रही थीं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है।
हिमाचल सरकार ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के नियमों में बदलाव करते हुए लाभार्थियों का दायरा सीमित कर दिया है।
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना में संशोधन करते हुए पात्रता नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नई अधिसूचना के अनुसार अब 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग की युवतियां इस योजना के तहत मिलने वाली 1500 रुपये प्रतिमाह की सम्मान राशि के लिए पात्र नहीं होंगी। योजना का लाभ अब केवल 21 से 59 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को ही मिलेगा।
सरकार द्वारा किए गए इस बदलाव के बाद हजारों युवतियां योजना के दायरे से बाहर हो जाएंगी। इसके साथ ही सरकार पहले ही योजना में परिवार की वार्षिक आय से जुड़ी शर्त भी लागू कर चुकी है। अब केवल उन्हीं महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम होगी।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने सभी पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। शुरुआत में योजना के लिए आयु सीमा 18 से 59 वर्ष निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसमें संशोधन करते हुए 18, 19 और 20 वर्ष की आयु की युवतियों को बाहर कर दिया गया है।
इसके अलावा सरकार ने वर्ष 2024 में भी योजना में बदलाव करते हुए एक परिवार से केवल एक महिला को ही सम्मान राशि देने का प्रावधान किया था। लगातार बढ़ रहे वित्तीय बोझ और वास्तविक जरूरतमंद महिलाओं तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा पात्रता मानदंडों को और सख्त किया गया है।
आय प्रमाण पत्र होगा अनिवार्य
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अनुसार अब आवेदन के साथ परिवार की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम होने का प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। वहीं बीपीएल परिवारों की महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए आवेदन पत्र में आय और बीपीएल स्थिति से संबंधित अलग-अलग कॉलम भी जोड़े जाएंगे।
आवेदन के लिए ये दस्तावेज होंगे जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को निम्न दस्तावेज जमा करने होंगे—
हिमाचल प्रदेश का बोनाफाइड या स्थायी निवास प्रमाण पत्र
आयु प्रमाण पत्र
परिवार की वार्षिक आय का प्रमाण पत्र
आधार कार्ड
बैंक खाते का विवरण
शहरी क्षेत्र के लिए राशन कार्ड
ग्रामीण क्षेत्र के लिए परिवार रजिस्टर की प्रति
बौद्ध भिक्षुणियों के लिए मुख्य चोमो द्वारा जारी प्रमाण पत्र
विभाग के अनुसार नए दिशा-निर्देश जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पात्र महिलाओं के दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद ही उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
