पांवटा साहिब में ट्रक-ट्रालों पर बड़ी कार्रवाई, रातभर चले अभियान में 19 वाहन पकड़े गए
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अगर आप भी देर रात सड़कों पर बिना नंबर प्लेट या नियमों की अनदेखी करते हुए दौड़ते भारी वाहनों से परेशान हैं, तो यह खबर राहत देने वाली है। पुलिस ने एक ही रात में बड़ा अभियान चलाकर ऐसे 19 ट्रक-ट्रालों पर शिकंजा कस दिया, जो यातायात नियमों को खुलेआम चुनौती दे रहे थे।
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब क्षेत्र में जिला एसआईयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट, ओवरलोडिंग तथा निर्धारित समय से पहले सड़कों पर संचालित हो रहे ट्रक-ट्रालों और डंपरों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस अधीक्षक को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई भारी वाहन रात 10 बजे के बाद संचालित होने के निर्धारित नियमों की अवहेलना करते हुए उससे पहले ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसके अलावा कई वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि कुछ वाहन क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे थे, जिससे सड़क सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था।
शिकायतों के मद्देनजर जिला एसआईयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात करीब 12 बजे से सुबह 5 बजे तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक ट्रक-ट्रालों और डंपरों की गहन जांच की गई तथा उनके दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 19 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस ने संबंधित वाहनों को जब्त कर नगर परिषद के मेला मैदान में खड़ा कर दिया है। इन सभी मामलों के चालान अब अदालत में पेश किए जाएंगे, जहां नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़कों पर अनुशासन कायम रहे।
