Home राजनीति Sirmaur News: 273 प्रधान, 273 उपप्रधानों ने ली शपथ! मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता

Sirmaur News: 273 प्रधान, 273 उपप्रधानों ने ली शपथ! मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने की शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता

by Dainik Janvarta
0 comment

Sirmaur News: सिरमौर के 273 प्रधान और 273 उप-प्रधानों ने ली शपथ, मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले- भ्रष्टाचार पर होगी कड़ी कार्रवाई

नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले की 273 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों ने रविवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। नाहन चौगान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सभी 273 प्रधानों और 273 उप-प्रधानों को शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत और मूल इकाइयां हैं। ग्रामीण विकास की अधिकांश योजनाएं पंचायतों के माध्यम से लागू की जा रही हैं, इसलिए पंचायत प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों को विश्वास और अपेक्षाओं के साथ चुनती है, इसलिए सभी प्रतिनिधि बिना किसी भेदभाव के ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करें।

उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग के तहत सिरमौर जिले की पंचायती राज संस्थाओं को वित्त वर्ष 2026-27 सहित आगामी पांच वर्षों में कुल 226.22 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे। इनमें से चालू वित्त वर्ष में 36.32 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत पंचायतों को प्रदर्शन आधारित अनुदान (परफॉर्मेंस ग्रांट) देने का भी प्रावधान किया गया है। जो पंचायतें अपनी आय के स्रोतों में प्रति परिवार 1200 रुपये की दर से वृद्धि करेंगी, उन्हें विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज पंचायतों की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध हैं। रिकॉर्ड और लेखा-जोखा भी विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर संचालित किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार अच्छे कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित करेगी, जबकि भ्रष्टाचार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों के लिए भविष्य में राज्य के भीतर और बाहर एक्सपोजर विजिट आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पंचायत घरों के निर्माण के लिए अनुदान राशि को 89 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपये कर दिया गया है। पिछले तीन वर्षों में पंचायत घरों के निर्माण और उन्नयन पर 112.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

मंत्री ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में प्रदेश की 137 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। ऐसी पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने पुरस्कार राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये प्रति पंचायत कर दी है।

उन्होंने सभी प्रधानों और उप-प्रधानों से पेयजल, स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और पंचायतों की आय बढ़ाने जैसे विषयों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधायक नाहन अजय सोलंकी ने भी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर पंचायतों के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में पूर्व विधायक अजय बहादुर, पूर्व विधायक किरनेश जंग, कार्यकारी उपायुक्त सिरमौर एल.आर. वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, एचपीएमसी अध्यक्ष सीताराम शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रेणुका जी तपेंद्र सिंह जेलदार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.