मेडिकल कॉलेज नाहन में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती, 17 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती; पहली बार शुरू होगा कार्डियोलॉजी विभाग
नाहन (सिरमौर)। अब हृदय रोग के मरीजों को इलाज और विशेषज्ञ परामर्श के लिए शिमला या बाहरी राज्यों के अस्पतालों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे। मेडिकल कॉलेज नाहन में पहली बार कार्डियोलॉजी विभाग शुरू होने जा रहा है, वहीं 17 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं को भी बड़ा सहारा मिला है।
प्रदेश सरकार ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के माध्यम से डॉ. वाईएस परमार राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय नाहन में विभिन्न विभागों के लिए 17 असिस्टेंट प्रोफेसर (विशेषज्ञ चिकित्सक) नियुक्त किए हैं। इसके साथ ही सुपर-स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार के तहत कार्डियोलॉजी विभाग की स्थापना को भी मंजूरी दी गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में दो, रेडियो-डायग्नोसिस विभाग में तीन, सामान्य मेडिसिन में दो तथा बाल रोग विभाग में दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।
इसके अलावा सामान्य सर्जरी, पल्मोनरी मेडिसिन, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, मनोचिकित्सा, ईएनटी और पैथोलॉजी विभाग में एक-एक असिस्टेंट प्रोफेसर तैनात किए गए हैं। वहीं कार्डियोलॉजी विभाग के लिए भी एक विशेषज्ञ चिकित्सक का पद स्वीकृत किया गया है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति से मेडिकल कॉलेज में लंबे समय से महसूस की जा रही डॉक्टरों की कमी काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। कई विभागों में रिक्त पदों के कारण ओपीडी सेवाओं पर दबाव बढ़ रहा था और मरीजों को समय पर विशेषज्ञ परामर्श नहीं मिल पा रहा था।
कार्डियोलॉजी विभाग शुरू होने से जिला सिरमौर सहित पड़ोसी क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। हृदय रोग संबंधी जांच, उपचार और परामर्श की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों का समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होंगे।
मेडिकल कॉलेज नाहन जिला सिरमौर का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है, जहां प्रतिदिन करीब 1000 से 1200 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नई नियुक्तियां न केवल मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी, बल्कि मेडिकल शिक्षा और शोध गतिविधियों को भी नई गति देंगी।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने इन नियुक्तियों के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इन नियुक्तियों से क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।
