कालाअंब में सट्टेबाजी पर पुलिस का शिकंजा, एक ही दिन में दो आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों से सट्टा पर्चियां और नकदी बरामद की, मामले दर्ज कर जांच शुरू
कालाअंब (सिरमौर)। क्षेत्र में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दड़ा सट्टा संबंधी पर्चियां और नकदी बरामद कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस थाना कालाअंब की टीम गश्त पर थी कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क किनारे खड़े होकर आने-जाने वाले लोगों को दड़ा सट्टा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान संजीत कुमार पुत्र टुरी राय निवासी गांव खालीसपुर, डाकघर खबसी, तहसील बनियापुर, जिला छपरा (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दड़ा सट्टा की एक पर्ची तथा 850 रुपये नकद बरामद किए गए।
इसी प्रकार एक अन्य मामले में पुलिस को सूचना मिली कि सब्जी मंडी कालाअंब में एक व्यक्ति लोगों को दड़ा सट्टा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी अमित कुमार पुत्र देवकी नंदन निवासी गांव एवं डाकघर बसरेहर, तहसील व जिला इटावा (उत्तर प्रदेश) को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भी दड़ा सट्टा संबंधी पर्चियां और 850 रुपये नकद बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में जुआ अधिनियम (Gambling Act) की धारा 13A के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त थे तथा इनके साथ अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं या नहीं।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में अवैध जुआ एवं सट्टेबाजी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
