Sirmaur News: अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा एक्शन, एक ही दिन में 5 मामले दर्ज; दुकानों और ठिकानों से शराब बरामद
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में अवैध शराब के कारोबार और कच्ची शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। पुलिस की विभिन्न टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की और आबकारी अधिनियम के तहत कुल 5 मामले दर्ज किए हैं। इस दौरान देसी शराब की बोतलों के साथ-साथ कच्ची शराब भी बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा शनिवार को की गई कार्रवाई में राजगढ़, रेणुका जी, नाहन, पुरुवाला और पांवटा साहिब थाना क्षेत्रों में अलग-अलग मामलों का खुलासा हुआ। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read
जानकारी के अनुसार, थाना राजगढ़ पुलिस ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर कोटी मावगा में कपिल ठाकुर की किराना दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान काउंटर के पीछे छिपाकर रखी गई एक गत्ता पेटी से 12 बोतल देसी शराब बरामद की गई।
वहीं थाना रेणुका जी पुलिस ने कर्म चंद निवासी गांव जईंचा मझाई, डाकघर कोटला मोलर, तहसील ददाहू के कब्जे से 2 लीटर 750 मिलीलीटर कच्ची शराब बरामद की।
थाना नाहन पुलिस ने शम्भूवाला क्षेत्र में अजित सिंह उर्फ बिट्टू की दुकान “टिन खोका चिकन कॉर्नर” में छापेमारी कर 8 बोतल देसी शराब बरामद की।
इसी प्रकार थाना पुरुवाला पुलिस ने रविंद्र सिंह निवासी कानुवाला, डाकघर शिवपुर के कब्जे से 4 लीटर कच्ची शराब बरामद की।
इसके अलावा थाना पांवटा साहिब पुलिस ने किशनपुरा में अच्छर कुमार की दुकान से 5 लीटर कच्ची शराब बरामद करने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ये भी पढ़ें
