कोटड़ी व्यास में कल रगबी ट्रायल, राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा मौका
सिरमौर के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। अगर आपका सपना राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलना है तो 16 जून को होने वाले रगबी ट्रायल आपके लिए महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकते हैं। चयनित खिलाड़ियों को पहले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और फिर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश रगबी संघ के तत्वावधान में जिला स्तरीय रगबी टीम चयन ट्रायल का आयोजन 16 जून 2026 को दोपहर 12 बजे केबी क्लब ग्राउंड, कोटड़ी व्यास में किया जाएगा। ट्रायल में वर्ष 2008-2009 में जन्मे खिलाड़ी तथा वर्ष 2010 में जन्मे खिलाड़ी विशेष अनुमति के आधार पर भाग ले सकेंगे। ट्रायल बालक एवं बालिका दोनों वर्गों के लिए आयोजित किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश रगबी संघ के सदस्य धर्मेंद्र चौधरी तथा सिरमौर रगबी संघ के महासचिव सुधीर ने बताया कि ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ी शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 5 जुलाई से तेलंगाना में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
Also Read
उन्होंने बताया कि दोनों वर्गों की टीमों का चयन पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। इसके लिए चयनकर्ताओं की नियुक्ति कर उन्हें नियुक्ति पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र (बर्थ सर्टिफिकेट) अथवा जन्म तिथि अंकित शैक्षणिक प्रमाण पत्र/मार्कशीट तथा अभिभावकों द्वारा हस्ताक्षरित रिस्क सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से लाना होगा। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने वाले खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा खिलाड़ियों को अपनी IRFU (Indian Rugby Football Union) आईडी भी बनाकर साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी धर्मेंद्र चौधरी (8580797517), सुधीर (7831019127) तथा रूबी (7876902884) से संपर्क कर सकते हैं।
रगबी संघ ने सिरमौर जिले के सभी पात्र खिलाड़ियों से समय पर ट्रायल स्थल पर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
ये भी पढ़ें
