Home क्राइम पांवटा साहिब में पुलिसकर्मी पर हमला: चालान काटने पर भड़के पिता-पुत्र, थप्पड़ मारने और कान से सोने की बाली छीनने के गंभीर आरोप

पांवटा साहिब में पुलिसकर्मी पर हमला: चालान काटने पर भड़के पिता-पुत्र, थप्पड़ मारने और कान से सोने की बाली छीनने के गंभीर आरोप

by Dainik Janvarta
0 comment

पांवटा साहिब में पुलिसकर्मी से मारपीट का सनसनीखेज मामला, चालान से भड़के आरोपियों ने थप्पड़ मार छीनी सोने की बाली

पांवटा साहिब (सिरमौर)। यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान काटना एक पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया। सिरमौर के पांवटा साहिब क्षेत्र में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान एक मुख्य आरक्षी के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, गले से पकड़कर धक्का-मुक्की की गई और कान से सोने की बाली तक छीन ली गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत पुलिस बूथ रामपुरघाट में तैनात मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शनिवार की शाम वह रामपुरघाट चौक, कुंजा मतरालियों और पहाड़ी कॉलोनी क्षेत्र में यातायात चेकिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान रामपुरघाट चौक के समीप एक स्कूटी (HP17H-1248) को रोका गया, जिसका चालक बिना हेलमेट के वाहन चला रहा था और पीछे एक महिला सवार थी।

पुलिस के अनुसार स्कूटी चालक ने अपना नाम मोहित पुत्र सचिन, निवासी पट्टीनत्था सिंह, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब बताया। जब उससे ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो उसने बताया कि उसने लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, लेकिन अभी तक बना नहीं है। इसके बाद मुख्य आरक्षी ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत स्कूटी का चालान कर दिया।

आरोप है कि चालान किए जाने के बाद मोहित ने किसी को फोन किया। कुछ ही देर में एक ऑल्टो कार (HP17J-0626) में सवार होकर सचिन पुत्र रामपाल मौके पर पहुंचा। शिकायत के अनुसार सचिन ने पुलिसकर्मी से कहा कि उसके बेटे का चालान रद्द कर उसके लाइसेंस को चालान में लगा दिया जाए।

पुलिस शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद सचिन, मोहित और स्कूटी पर सवार महिला सविता ने मिलकर मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि सचिन और मोहित ने पुलिसकर्मी का गला पकड़ लिया, जबकि सविता ने थप्पड़ मारे। इसी दौरान सचिन ने मुख्य आरक्षी के बाएं कान में पहनी सोने की बाली भी छीन ली, जिससे उनके कान में चोट आई और खून निकल आया। गले पर भी चोटें आने की बात कही गई है।

घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से कार में फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पुरुवाला में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सचिन पुत्र रामपाल को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। वहीं सह-आरोपी सविता पत्नी सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.