Table of Contents
हिमाचल में रग्बी को मिल रही नई पहचान, 100 से अधिक युवा खिलाड़ी हुए प्रशिक्षित
हिमाचल के युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का सुनहरा मौका
प्रदेशभर में चल रहे रग्बी विकास शिविरों से अब अंडर-18 राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए खिलाड़ियों की तलाश शुरू, जिसमें चयनित खिलाड़ी जुलाई में हिमाचल का करेंगे प्रतिनिधित्व
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में रग्बी खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। रग्बी एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश (RAHP) द्वारा एसजेवीएन के सहयोग से आयोजित निःशुल्क जिला स्तरीय रग्बी विकास शिविरों के माध्यम से अब तक 100 से अधिक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसी के साथ आगामी राष्ट्रीय रग्बी चैम्पियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की अंडर-18 टीम के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
एसोसिएशन के अनुसार, अब तक नालागढ़ और मंडी जिलों में दो सफल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए हैं। नालागढ़ स्थित दून पब्लिक स्कूल में आयोजित शिविर में करीब 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि मंडी में लगभग 50 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया गया। इन दोनों शिविरों में कुल 105 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 25 लड़कियां और 80 लड़के शामिल रहे।
शिविरों के दौरान खिलाड़ियों को बेसिक कॉन्टैक्ट रग्बी की तकनीकों, नियमों और खेल की बारीकियों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के पीटीआई, खेल अध्यापकों और प्रशिक्षकों को भी रग्बी प्रशिक्षण और खिलाड़ी विकास संबंधी विशेष जानकारी प्रदान की गई।
मंडी में आयोजित शिविर के दौरान नाचन के विधायक विनोद कुमार भी पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने रग्बी के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों के विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
रग्बी एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के महासचिव विशाल सारिन ने बताया कि सभी प्रशिक्षण शिविर पूरी तरह निःशुल्क आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि एसोसिएशन का उद्देश्य रग्बी को प्रदेश के हर जिले और स्कूल स्तर तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जुड़ने का अवसर मिल सके।
उन्होंने बताया कि आगामी शिविर 15 और 16 जून को कुल्लू जिले के निरमंड, 16 और 17 जून को बिलासपुर तथा इसके बाद शिमला में आयोजित होंगे। प्रत्येक जिला शिविर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को 21 जून को शिमला में होने वाले अंतिम ट्रायल में बुलाया जाएगा, जहां हिमाचल प्रदेश की अंडर-18 रग्बी टीम का गठन किया जाएगा।
अंतिम रूप से चुने गए खिलाड़ी जुलाई के पहले और दूसरे सप्ताह में हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित राष्ट्रीय रग्बी चैम्पियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह पहल प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच प्रदान कर रही है।
