माजरा में मिला लापता व्यक्ति का शव, इलाके में फैली सनसनी
पत्नी की मौत के बाद मानसिक तनाव में था मृतक, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
पांवटा (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर खोल इलाके में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को हरिपुर खोल क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान बलजिंद्र सिंह (45) पुत्र निवासी रामपुर, जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से लापता था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पत्नी के निधन के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहता था तथा अत्यधिक शराब सेवन का आदी था।
पुलिस ने बताया कि शव पर किसी भी प्रकार के हिंसक हमले या चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फिलहाल माजरा पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
