Himachal News: सिलाई अध्यापिकाओं और पंचायत चौकीदारों के लिए बड़ी खुशखबरी, बढ़ी दिहाड़ी; अप्रैल से मिलेगा एरियर
हिमाचल सरकार ने दिहाड़ी बढ़ाने का फैसला लिया है और कर्मचारियों को अप्रैल से एरियर का लाभ भी मिलेगा।
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंचायती राज विभाग के अंतर्गत कार्यरत सिलाई अध्यापिकाओं और पंचायत चौकीदारों को आर्थिक राहत देते हुए उनकी दैनिक दिहाड़ी में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पंचायती राज विभाग की ओर से प्रदेश के सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि संशोधित दरों के अनुसार भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
सरकार के आदेशों के अनुसार यह बढ़ी हुई दिहाड़ी 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। ऐसे में संबंधित कर्मचारियों को बढ़ी हुई राशि के साथ-साथ अप्रैल माह से देय एरियर का भी भुगतान किया जाएगा।
नई दरों के तहत सिलाई अध्यापिकाओं की दिहाड़ी 480 रुपये से बढ़ाकर 508 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। वहीं पंचायत चौकीदारों को अब 425 रुपये के बजाय 450 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलेगा। इस निर्णय से प्रदेश की लगभग 1600 सिलाई अध्यापिकाओं और 2100 पंचायत चौकीदारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
पंचायती राज विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित दरों के आधार पर कर्मचारियों का मासिक पारिश्रमिक समयबद्ध तरीके से जारी किया जाए। विभागीय जानकारी के अनुसार इन कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य करते हुए 12 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है, जिसके चलते लंबे समय से उनकी दिहाड़ी बढ़ाने की मांग उठाई जा रही थी।
सरकार ने जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए पहले से लागू विशेष प्रावधानों को भी जारी रखने का फैसला किया है। आदेशों के मुताबिक लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित अधिसूचित जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को संशोधित दिहाड़ी दरों पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त बढ़ोतरी का लाभ मिलता रहेगा।
प्रदेश सरकार के इस फैसले को ग्रामीण स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे पंचायतों में सेवाएं दे रहे हजारों कर्मचारियों की आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें आर्थिक रूप से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
