सिरमौर: 8 दिन जिंदगी की जंग लड़ती रही महिला, आखिर पीजीआई में तोड़ा दम; बस चालक पर केस दर्ज
पांवटा साहिब। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई एक महिला ने आठ दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। परिवार की उम्मीदें उस समय टूट गईं जब पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव किल्लौड़, डाकघर बढ़ाना, तहसील पांवटा साहिब निवासी अनिल कुमार ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि 3 जून 2026 को गांव किल्लौड़ में बस संख्या HP17B-6003 की चपेट में आने से अनिता देवी (40) पत्नी गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
हादसे के बाद परिजनों ने महिला को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया, लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। अंततः 11 जून को पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान अनिता देवी ने अंतिम सांस ली।
महिला की मौत के बाद पुलिस ने बस चालक सुरेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
