हिमाचल में राशन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत! 15 जून के बाद डिपो में मिलेगा सरसों का तेल, बदलेगा ब्रांड
तीन महीने से सरसों के तेल का इंतजार कर रहे लाखों राशन उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है।
15 जून के बाद प्रदेशभर के सरकारी राशन डिपो में सरसों के तेल की सप्लाई शुरू होने जा रही है, हालांकि इस बार उपभोक्ताओं को नया ब्रांड मिलेगा।
शिमला/ऊना। हिमाचल प्रदेश के लाखों राशन कार्ड धारकों को जल्द ही सरसों के तेल की उपलब्धता सुनिश्चित होने वाली है। खाद्य आपूर्ति निगम ने प्रदेशभर के सरकारी डिपो में सरसों के तेल की सप्लाई के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार 15 जून तक निगम के विभिन्न गोदामों में तेल की खेप पहुंच जाएगी, जिसके बाद राशन डिपो के माध्यम से उपभोक्ताओं को वितरण शुरू किया जाएगा।
इस बार सरकारी डिपो में पहले मिलने वाला तोता मार्का सरसों तेल उपलब्ध नहीं होगा। नए टेंडर के तहत अदाणी समूह की कंपनी को सप्लाई का कार्य सौंपा गया है, जिसके चलते उपभोक्ताओं को अब उसी कंपनी का सरसों तेल मिलेगा। प्रदेशभर के डिपो के लिए करीब 27 लाख लीटर सरसों के तेल की मांग भेजी गई है।
निगम के अनुसार राज्य के लगभग 19.5 लाख राशन उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठाएंगे। लंबे समय से तेल की आपूर्ति बाधित रहने के कारण कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर तेल खरीदना पड़ रहा था। अब सप्लाई बहाल होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस बीच महंगाई का असर सरकारी डिपो में मिलने वाले सरसों के तेल पर भी देखने को मिला है। पहले जहां उपभोक्ताओं को सरसों का तेल 153 रुपये प्रति लीटर की दर से मिलता था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यानी इस बार उपभोक्ताओं को प्रति लीटर सात रुपये अधिक चुकाने होंगे।
ऊना जिले के उपभोक्ताओं को मिल सकता है लंबित कोटा
जिला ऊना में पिछले करीब तीन महीनों से सरकारी डिपो में सरसों के तेल की सप्लाई नहीं पहुंची है, जिससे हजारों उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। जिले में लगभग 1.40 लाख राशन कार्ड धारक हैं और करीब 5.5 लाख उपभोक्ता सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े हुए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के अनुसार यदि जिले को मांग के अनुरूप सरसों के तेल की पर्याप्त खेप प्राप्त होती है, तो उपभोक्ताओं को पिछले तीन महीनों का लंबित कोटा भी उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे उन परिवारों को विशेष राहत मिलेगी जो लंबे समय से तेल की आपूर्ति का इंतजार कर रहे हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ऊना के नियंत्रक राजीव शर्मा ने बताया कि जल्द ही डिपो में सरसों के तेल की सप्लाई पहुंच जाएगी। यदि पर्याप्त मात्रा में तेल उपलब्ध हुआ तो उपभोक्ताओं को पिछले तीन महीनों का बकाया कोटा भी वितरित किया जाएगा।
