होम स्टे के बाथरूम में मृत मिली रूस की महिला पर्यटक, पार्वती घाटी में मचा हड़कंप
कसोल में विदेशी महिला पर्यटक की संदिग्ध मौत से फैली सनसनी
होम स्टे के बाथरूम में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर रूस के दूतावास को भी सूचना भेज दी है।
कुल्लू। कुल्लू जिले की पार्वती घाटी स्थित पर्यटन नगरी कसोल में एक रूसी महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रूस की 29 वर्षीय महिला पर्यटक डारिया कुज्मिनिख अपनी मित्र नताल्या के साथ घूमने के लिए कुल्लू घाटी आई हुई थी। दोनों कसोल के एक होम स्टे में ठहरी थीं। बताया जा रहा है कि डारिया को होम स्टे के बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया गया। जब उसकी हालत की जांच की गई तो वह मृत पाई गई।
घटना की जानकारी मिलते ही नताल्या ने होम स्टे प्रबंधन को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मणिकर्ण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के शवगृह में रखवा दिया है। साथ ही मृतका के परिजनों और रूस के दूतावास को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। बताया जा रहा है कि नताल्या ने व्हाट्सएप के माध्यम से मृतका के पिता को भी इस दुखद घटना की सूचना दी।
प्रारंभिक पूछताछ में मृतका की मित्र ने किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदेह से इनकार किया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस नियमानुसार जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
