पांवटा साहिब में यमुना टोल बैरियर पर बड़ी कार्रवाई, 6.12 ग्राम चिट्टा के साथ युवक गिरफ्तार
सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पांवटा साहिब। जिला सिरमौर की एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 6.12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को एसआईयू नाहन की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान यमुना टोल बैरियर के पास गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 6.12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान सोहन लाल पुत्र रमेश चंद निवासी गांव फूलपुर, डाकघर एवं तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी को 11 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से लाता था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
