माजरा में 19 लाख से ज्यादा की कथित धोखाधड़ी, कंपनी के मुर्गे रातों-रात बेचने का आरोप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर के माजरा क्षेत्र में पोल्ट्री कारोबार से जुड़े एक मामले में लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी सामने आई है। आरोप है कि कंपनी की अनुमति के बिना तैयार मुर्गों को बेच दिया गया, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी और विश्वासघात समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना माजरा में QSA Poultry India Pvt. Ltd. के अधिकृत प्रतिनिधि जसविन्द्र कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार कंपनी ने एक एग्रीमेंट के तहत प्रीति पत्नी इमरान निवासी टोका नगला, जिला सिरमौर को पालन-पोषण के लिए 8,143 चूजे उपलब्ध कराए थे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रीति, इम्तियाज हाशमी तथा अन्य गारंटरों ने कंपनी की पूर्व अनुमति और जानकारी के बिना तैयार मुर्गों को रात के समय बेच दिया। कंपनी का दावा है कि इस कथित कृत्य से उसे लगभग 19.38 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उक्त मामला गंभीर है और इसकी जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
