नाहन में आवारा कुत्ते को रोटी खिलाने को लेकर विवाद, दोनों पक्षों पर क्रॉस केस दर्ज
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला के नाहन क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते को रोटी खिलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और धमकियों तक पहुंच गया। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है, जिस पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना नाहन में 9 जून 2026 को निशा देवी पत्नी चमन लाल, निवासी मक्कड़वाली, डाकघर शम्भुवाला, तहसील नाहन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 5 जून की रात आवारा कुत्ते को रोटी देने की बात को लेकर पारिवारिक विवाद हो गया। आरोप है कि मामचन्द ने मोहन लाल के साथ मारपीट कर उसे चोटें पहुंचाईं, जबकि गौरव, दीपक और बलबीर ने जान से मारने की धमकी दी।
वहीं, इसी मामले में दूसरे पक्ष की ओर से मामचन्द पुत्र स्वर्गीय देवी राम, निवासी मक्कड़वाली, डाकघर शम्भुवाला, तहसील नाहन ने भी 9 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार 6 जून की रात आवारा कुत्ते को रोटी देने के मुद्दे को लेकर विवाद हुआ।
आरोप है कि मोहन लाल, उसका पुत्र विशाल, विजेन्द्र और विनय कुमार उसके घर के आंगन में आए, उसका रास्ता रोका और उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस थाना नाहन की टीम मामले की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
