पांवटा साहिब में नशे पर बड़ा प्रहार, स्कूटी सवार से 4.602 किलो चूरा पोस्त बरामद
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल, आरोपी गिरफ्तार; अदालत ने 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक स्कूटी सवार व्यक्ति को 4 किलो 602 ग्राम भुक्की (चूरा पोस्त) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद की गई नशीले पदार्थ की यह खेप क्षेत्र में अवैध तस्करी की आशंका को भी उजागर करती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 जून 2026 को पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त के दौरान टोल बैरियर पांवटा साहिब के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि विजय पुत्र राजकुमार निवासी भाटांवाली, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर, स्कूटी नंबर HP17H-6190 पर हरबर्टपुर से भूपपुर की ओर आ रहा है तथा उसके पास भारी मात्रा में भुक्की (चूरा पोस्त) है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी की और संदिग्ध स्कूटी को रोककर पूछताछ की। इसके बाद स्कूटी की तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से कुल 4 किलो 602 ग्राम भुक्की (चूरा पोस्त) बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 10 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
