कालाअंब के उद्योगों में 70% प्रवासी कामगार, फिर भी सत्यापन में भारी लापरवाही!
62 उद्योगों को नोटिस के बावजूद केवल आधा दर्जन ने कराया सत्यापन
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में कार्यरत प्रवासी कामगारों के सत्यापन को लेकर उद्योग संचालकों की उदासीनता सामने आई है। सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस प्रक्रिया में अपेक्षित सहयोग न मिलने से पुलिस विभाग को सत्यापन कार्य पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब एक माह पूर्व कालाअंब पुलिस ने क्षेत्र के 62 उद्योगों को पत्र जारी कर अपने यहां कार्यरत प्रवासी कामगारों का सत्यापन करवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक केवल आधा दर्जन उद्योगों ने ही अपने कर्मचारियों का सत्यापन कराया है।
बता दें कि कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों में लगभग 70 प्रतिशत प्रवासी कामगार कार्यरत हैं। ऐसे में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनका सत्यापन अत्यंत आवश्यक माना जा रहा है। हालांकि उद्योग प्रबंधन इस प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे सत्यापन कार्य कछुआ गति से आगे बढ़ रहा है।
पुलिस विभाग का कहना है कि उद्योगों में कार्यरत प्रवासी कामगारों का सत्यापन पूरा होने के बाद ग्राम पंचायतों के सहयोग से क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों का सत्यापन अभियान भी चलाया जाएगा। विभाग को उन प्रवासी कामगारों के सत्यापन में भी परेशानी आ रही है जो हिमाचल प्रदेश के उद्योगों में काम करते हैं, लेकिन निवास पड़ोसी राज्य हरियाणा में करते हैं।
पुलिस का मानना है कि वर्तमान गति से सत्यापन कार्य पूरा होने में कई महीने लग सकते हैं। इसे देखते हुए विभाग ने औद्योगिक संगठनों और उद्योग संचालकों से प्रवासी कामगारों के सत्यापन को प्राथमिकता देने व प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि कालाअंब पुलिस थाना के माध्यम से उद्योगों को पत्र जारी कर प्रवासी कामगारों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए कहा गया है। सुरक्षा की दृष्टि से यह प्रक्रिया बेहद जरूरी है और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। फिलहाल उद्योगों से कामगारों की सूची मांगी गई है ताकि सत्यापन प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
