Home योजनाएं Himachal News: 5,877 करोड़ के निवेश को मंजूरी, 13,355 युवाओं को मिलेगा रोजगार; 42 औद्योगिक प्रस्ताव पास

Himachal News: 5,877 करोड़ के निवेश को मंजूरी, 13,355 युवाओं को मिलेगा रोजगार; 42 औद्योगिक प्रस्ताव पास

by Dainik Janvarta
0 comment

हिमाचल में उद्योगों की बंपर एंट्री! 5,877 करोड़ के निवेश से खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

42 औद्योगिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी, 13 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार

शिमला। हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण (सिंगल विंडो) की बैठक में 42 औद्योगिक प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। इन प्रस्तावों के तहत हजारों करोड़ रुपये का निवेश प्रदेश में आएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

बैठक में 17 नए उद्योग स्थापित करने और 25 मौजूदा उद्योगों के विस्तार को स्वीकृति दी गई। करीब 5,877 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से प्रदेश में लगभग 13,355 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। स्वीकृत परियोजनाएं फार्मा, ऑटोमोबाइल, वस्त्र, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्लास्टिक एवं पैकेजिंग, खाद्य प्रसंस्करण, कॉस्मेटिक्स तथा स्टील उद्योगों से संबंधित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए श्रम प्रधान उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई औद्योगिक नीति को अगले दो महीनों के भीतर अंतिम रूप देकर अधिसूचित किया जाए, ताकि निवेशकों को आकर्षित करने में हिमाचल की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और मजबूत हो सके।

बैठक के दौरान नई औद्योगिक नीति को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सरकार का मानना है कि विविध क्षेत्रों के उद्योगों के आने से प्रदेश के औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रीय संतुलित विकास को गति प्राप्त होगी।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और प्रभावी सिंगल विंडो प्रणाली के कारण हिमाचल निवेश का पसंदीदा गंतव्य बन रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में औद्योगिक निवेश की कन्वर्जन दर 57 प्रतिशत रही है, जो राष्ट्रीय औसत 32 से 35 प्रतिशत से काफी अधिक है।

बैठक में मुख्य सचिव केके पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, वित्त सचिव अभिषेक जैन, उद्योग विभाग के निदेशक यूनुस तथा अतिरिक्त निदेशक तिलकराज शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.